भाजपा ने गुजरात मॉडल के कारण ही केंद्र में सरकार बनायी : राजनाथ

गाँव कनेक्शन | Dec 04, 2017, 12:08 IST |
Migrated Image
सांणद (भाषा)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि भाजपा ने गुजरात के विकास मॉडल के कारण ही केंद्र में सरकार बनाई और देश की जनता ने 2014 के लोकसभा चुनाव में उसे जनादेश देकर राहुल गांधी के प्रश्नों का उत्तर पहले ही दे दिया है।

गृह मंत्री ने गांधी पर उनके सोशल मीडिया अभियान एक सवाल एक दिन को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि कांग्रेस के 50-55 साल के शासन के बावजूद भारत गरीब क्यों रहा।

उन्होंने यहां एक जनसभा में कहा, ''कांग्रेस नेता (राहुल) पूछते हैं कि भाजपा ने 22 वर्ष के अपने शासन में क्या किया? भाजपा सरकार ने 22 वर्षों में क्या किया है इसका जवाब देश की जनता ने 2014 के लोकसभा चुनावों में दे दिया है।'' उन्होंने कहा, ''अगर यहां विकास पागल हो गया है तो राजीव गांधी फाउंडेशन ने 2012 में गुजरात सरकार की तारीफ क्यों की थी। वह गुजरात मॉडल ही था जिसके कारण भाजपा ने केंद्र में सरकार बनायी।''

सिंह ने कहा, ''एक इकलौती पार्टी 50-55 सालों तक शासन करती रही, तब क्या कारण है कि भारत की गिनती अभी भी विश्व के गरीब देशों में होती है? उन्होंने कांग्रेस को समर्थन देने वाले तीन युवा नेताओं- अल्पेश ठाकोर, हार्दिक पटेल और जिग्नेश मेवाणी को राहुल गांधी से दूर रहने की भी सलाह दी।''

उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण दिया जहां समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन किया था। उन्होंने कहा कि , मैं उन्हें यह संदेश देना चाहता हूं कि राहुल गांधी उन्हें भी ले डूबेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उनके कारण ही भारत को विश्व समुदाय में सम्मान का स्थान मिला है और उनकी सरकार इसे दुनिया का सर्वाधिक ताकतवर देश बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार 2022 तक किसानों की आय बढाने के लिए प्रतिबद्ध है और गुजरात में भाजपा के सत्ता में लौटते ही सांणद के किसानों की चिंताओं को हल कर लिया जाएगा।



Tags:
  • central government
  • congress
  • rahul gandhi
  • Rajnath Singh
  • B J P
  • Lok Sabha Elections
  • BJP government
  • हिंदी समाचार
  • समाचार
  • Gujarat model

Previous Story
यूपी नगर पंचायत चुनाव में हार पर भाजपा मौन : अखिलेश

Contact
Recent Post/ Events