प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव में BJP के प्रदर्शन की प्रशंसा की, कहा: लोग भ्रष्टाचार नहीं करेंगे बर्दाश्त

गाँव कनेक्शन | Nov 29, 2016, 16:33 IST |
Migrated Image
नई दिल्ली (भाषा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि पिछले कुछ दिनों में लोकसभा, विधानसभाओं और स्थानीय निकायों के चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन दर्शाता है कि लोग सर्वांगीण विकास चाहते हैं और वे भ्रष्टाचार और कुशासन बर्दाश्त नहीं करेंगे।

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘पिछले कुछ दिनों में हमने पूरे भारत में विभिन्न चुनावों- लोकसभा, विधानसभाओं और स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे देखे हैं।'' उन्होंने लिखा, ‘‘चाहे पूर्वोत्तर हो या पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र या गुजरात, BJP ने अच्छा प्रदर्शन किया है। मैं लोगों को धन्यवाद देता हूं।'' उन्होंने कहा कि देशभर के ये नतीजे दर्शाते हैं कि लोग सर्वांगीण प्रगति चाहते हैं और वे भ्रष्टाचार और कुशासन को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

BJP ने असम और मध्यप्रदेश में एक एक लोकसभा सीट (उपचुनाव में) जीती और मध्यप्रदेश, गुजरात एवं अरुणाचल प्रदेश में कई विधानसभा सीटें (उपचुनाव में) जीती। पार्टी महाराष्ट्र और गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में विजयी होकर उभरी।

अपने गृह राज्य गुजरात का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘BJP में निरंतर विश्वास व्यक्त करने के लिए मैं गुजरात के लोगों को सलाम करता हूं। स्थानीय निकायों में भाजपा की बडी जीत विकास की राजनीति में लोगों के दृढ विश्वास को दर्शाती है।'' उन्होंने मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, प्रदेश BJP अध्यक्ष जीतू वघानी समेत राज्य के पार्टी कार्यकर्ताओं को राज्यभर में उनके कठिन परिश्रम के लिए बधाई दी। मोदी ने महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की कल सराहना की थी।

Tags:
  • madhya pradesh
  • modi
  • New Delhi
  • Corruption
  • B J P
  • West Bengal
  • Lok Sabha
  • Assembly

Previous Story
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले माकपा और कांग्रेस की राहें हुई अलग

Contact
Recent Post/ Events